No Slide Found In Slider.
Breaking News

पुरानी पेंशन को लेकर सफाई कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन, 15 ब्लॉकों से उमड़ा हुजूम

No Slide Found In Slider.

बरेली में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सफाई कर्मचारियों की हुंकार, तिरंगा यात्रा निकालकर किया प्रदर्शन

15 विकास खंडों से एक हजार से अधिक कर्मचारी हुए शामिल, कलेक्ट्रेट पहुंचकर की नारेबाजी; सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

बरेली। पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को बरेली की सड़कों पर सफाई कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले के सभी 15 विकास खंडों से आए एक हजार से अधिक सफाई कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज, पुरानी पेंशन बहाली की मांग वाली तख्तियां और बैनर लेकर कर्मचारी पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां नारेबाजी के बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग उठाई गई।

दामोदर स्वरूप पार्क से शुरू हुई तिरंगा यात्रा

दोपहर करीब दो बजे बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी दामोदर स्वरूप पार्क, चौकी चौराहा पर एकत्र हुए। संघ के जिलाध्यक्ष राम लाल कश्यप के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा शुरू हुई। कर्मचारी हाथों में तिरंगा और पुरानी पेंशन बहाली की मांग वाली तख्तियां लेकर ‘ओपीएस जिंदाबाद’ और ‘पुरानी पेंशन बहाल करो’ के नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े।

तिरंगा यात्रा में जिले के विभिन्न विकास खंडों से पहुंचे कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए पुरानी पेंशन को कर्मचारियों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया।

 

कलेक्ट्रेट गेट पर गूंजे पुरानी पेंशन बहाली के नारे

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर कर्मचारियों ने अपनी मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘इंकलाब जिंदाबाद’, ‘पुरानी पेंशन बहाल करो’ और ‘एनपीएस धोखा है’ जैसे नारे लगाए गए। इसके बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर सरकार तक कर्मचारियों की मांग पहुंचाने का आग्रह किया।

60 साल सेवा करने वाले कर्मचारियों को मिले पुरानी पेंशन’

संघ के जिलाध्यक्ष राम लाल कश्यप ने कहा कि कर्मचारी अपने जीवन का लंबा समय सरकारी सेवा में लगाते हैं और 60 वर्ष की आयु तक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनके आर्थिक और सामाजिक भविष्य की सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन बहाल की जानी चाहिए।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों को मिलने वाली पेंशन का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि जब जनप्रतिनिधियों के लिए पेंशन की व्यवस्था हो सकती है तो कर्मचारियों को पुरानी पेंशन के लाभ से क्यों वंचित रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि नई पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों के लिए बेहतर बताई जा रही है तो नीति-निर्माताओं को भी समान व्यवस्था के दायरे में लाने पर विचार किया जाना चाहिए।

संघ ने सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए कर्मचारियों के हित में निर्णय लेने की मांग की।

संघ के पदाधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा एवं प्रदर्शन में संघ के मंडल अध्यक्ष रविंद्र कुमार कश्यप, जिला कोषाध्यक्ष अजीत सिंह यादव, मीरगंज ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार वाल्मीकि, जिला संप्रेक्षक मिसर यार खां, जिला प्रभारी रनवीर सिंह पटेल, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष सर्वेश कुमार मौर्य, जिला प्रचार एवं प्रसार मंत्री सुनील सिंह वाल्मीकि, जिला मीडिया प्रभारी तेजपाल पटेल, जिला संयोजक आनंद प्रकाश धानुक और ब्लॉक अध्यक्ष नन्हेंलाल वाल्मीकि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इसके अलावा संतोषी देवी, विमला वर्मा और शिवानी समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। कर्मचारियों ने एक स्वर में पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाते हुए अपनी मांग पूरी होने तक संगठन के स्तर से आवाज बुलंद करते रहने की बात कही।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button