बिथरी चैनपुर में शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का सम्मान, MLC बहोरन लाल मौर्य बोले- शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता

शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह में सैकड़ों शिक्षक हुए शामिल, प्रत्येक न्याय पंचायत से एक शिक्षक को भी किया गया सम्मानित
बरेली। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ बरेली की बिथरी चैनपुर शाखा की ओर से ब्लॉक सभागार में शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद (MLC) बहोरन लाल मौर्य ने कहा कि “शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता और सीखने की कोई उम्र नहीं होती।” उन्होंने समय के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समय उसी की कद्र करता है, जो समय को महत्व देता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बिथरी चैनपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हरेंद्र पटेल और संगठन की मंडलीय मंत्री रुचि सैनी मौजूद रहीं। इस दौरान प्रत्येक न्याय पंचायत से एक-एक शिक्षक तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
शिक्षक दूसरों को मंजिल तक पहुंचाता है: जितेंद्र गंगवार
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षक लगातार खुद को अपडेट कर रहे हैं और नई जिम्मेदारियों को पूरी लगन के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, “शिक्षक उस सड़क की तरह है, जो खुद तो वहीं रहती है, लेकिन दूसरों को उनकी मंजिल तक पहुंचा देती है।”
कार्यक्रम का संचालन मोनिका गुप्ता और अभिषेक शर्मा ने किया। ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने कार्यक्रम में पहुंचे शिक्षकों एवं अतिथियों का आभार जताया।
समारोह में जिला संरक्षक प्रदीप गुप्ता, जिला मंत्री गिरजेश कुमार, जिला कोषाध्यक्ष पुष्कर उपाध्याय, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद गंगवार, ब्लॉक मंत्री अजय कुमार, कोषाध्यक्ष प्रदीप पुष्कर सहित संगठन के पदाधिकारी और सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।




