यूपी: भारी बारिश के चलते कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद, बरेली में सोमवार का अवकाश घोषित।

डीएम के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश, यूपी बोर्ड, CBSE, ICSE समेत सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा फैसला
बरेली। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार को कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. विनीता ने रविवार शाम इस संबंध में आदेश जारी किया।
बीएसए ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश के मुताबिक यह अवकाश जिले के सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों पर समान रूप से लागू रहेगा।
इसमें यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, शासकीय, सहायता प्राप्त तथा मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बारिश और जलभराव के कारण छोटे बच्चों के आवागमन में होने वाली परेशानी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
छह घंटे में 134.3 एमएम बारिश, शहर की रफ्तार थमी
मौसम विभाग की ओर से जारी यलो अलर्ट के बीच रविवार दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने बरेली शहर का जनजीवन प्रभावित कर दिया। शाम तक तेज बारिश होती रही और इसके बाद भी रुक-रुककर बरसात का सिलसिला जारी रहा।
रात आठ बजे तक करीब 134.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार हुई भारी बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों





