किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान: जिलाधिकारी ने बांटे सहायता राशि के चेक, खेत-खलिहान योजना बनी संकट में सहारा
अग्निकांड में फसल गंवाने वाले 13 किसानों को मिली आर्थिक मदद, 'मुख्यमंत्री खेत-खलिहान योजना' ने दी राहत

बरेली। खेतों में जलती आग से जिन किसानों की मेहनत पल भर में राख हो गई थी, आज उनके चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई। शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना’ के अंतर्गत 13 किसानों को लाखों रुपये की आर्थिक मदद के चेक वितरित किए।
यह योजना उत्तर प्रदेश मण्डी परिषद द्वारा संचालित है, जिसका उद्देश्य किसानों को खेतों और खलिहानों में आग लगने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए तत्काल राहत देना है। योजना के अनुसार:
2.5 एकड़ तक की फसल क्षति पर ₹30,000,
2.5 से 5 एकड़ तक पर ₹40,000 और
5 एकड़ से अधिक क्षति पर ₹50,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है।
साथ ही, सामूहिक नुकसान की स्थिति में ₹2 लाख तक की सहायता का भी प्रावधान है।
राहत के रूप में मिला सहारा
इस अवसर पर कृषक बंधुओं – कृष्ण बाबू, वीरपाल, राम प्रसाद, अमर सिंह, रामऔतार, विजय पाल, हेम सिंह, यशपाल सिंह, संजीव कुमार गुप्ता, जयप्रकाश, हर प्रसाद, मोहम्मद अली अंसारी और जायरा बेगम को चेक सौंपे गए। सहायता राशि उनके लिए सिर्फ पैसों का नहीं, बल्कि उम्मीद का संचार है।
‘किसान पहले’ संकल्प को मजबूती
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक सिंह, मण्डी सचिव सहित कई अधिकारी और किसान उपस्थित रहे। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी।






