तीन कांवड़िए सड़क हादसे में घायल, एक की हालत गंभीर…एसडीएम और पुलिस अधिकारी पहुंचे अस्पताल

बरेली। सावन के पवित्र माह में जल भरने निकले कांवड़ यात्रियों के जत्थे में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। गढ़मुक्तेश्वर जल लेने जा रहे तीन कांवड़िए NH-24 पर मीरगंज कस्बे में दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में तीनों कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 7:30 बजे फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव रकमपुर से निकले कांवड़िए कुलदीप (15) पुत्र अवधेश कश्यप, धर्मपाल और शेर सिंह (30) निवासी कुंवरगढ़ी, थाना शेरगढ़ सिधौली चौराहा पार कर रहे थे। उसी दौरान अचानक एक व्यक्ति से बाइक का हैंडल टकरा गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में कुलदीप और धर्मपाल को चोटें आईं, जबकि शेर सिंह को सिर में गंभीर चोट लगी। घायल शेर सिंह को तत्काल एंबुलेंस से दिवाकर अस्पताल, मिनी बाईपास बरेली ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। हादसे की सूचना पर परिजनों को अवगत कराया गया, जो अस्पताल पहुंच चुके हैं।
प्रशासन ने दिखाई तत्परता
घटना की जानकारी मिलते ही मीरगंज की उपजिलाधिकारी तृप्ति गुप्ता और कोतवाली प्रभारी प्रयागराज सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने घायलों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। घायल कुलदीप ने बताया, हमारा जत्था हमसे कुछ आगे निकल गया था, हम पीछे रह गए थे। तभी यह हादसा हो गया।