प्रेमनगर में तड़के पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़…25-25 हजार के इनामी दो बदमाश गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
थाना प्रेमनगर पुलिस ने लूट की सोने की चेन, अवैध असलहे, 45 हजार रुपए नकद और चोरी की बाइक के साथ दबोचा, दोनों लुटेरे अस्पताल में भर्ती

बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने गुरुवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार के इनामी दो कुख्यात बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, दो तमंचे, 6 कारतूस, 45 हजार रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है।
आज सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच थाना प्रेमनगर पुलिस की टीम धर्म कांटा से कुद्देशिया पुल की ओर जा रही एक काली स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास कर रही थी। लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर घायल हालत में दबोच लिया गया।
गिरफ्तार घायल बदमाशों की पहचान
पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम सलमान पुत्र जमशेद अहमद, उम्र 26 वर्ष, निवासी लोको कॉलोनी, गली नंबर 15, थाना सिविल लाइन, जनपद अलीगढ़ बताया दूसरे बदमाश ने अपना नाम इस्लाम कादिर पुत्र आरिफ खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी मोहल्ला बानाखाना, थाना प्रेमनगर, बरेली। दोनों इनामी बदमाश हैं जिनके सिर पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इन्हें चंपतराय की बगिया के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम, आशुतोष शिवम ने जानकारी दी कि “गिरफ्तार बदमाश हाल ही में थाना प्रेमनगर क्षेत्र में दो लूट की घटनाओं में शामिल पाए गए हैं। पूछताछ में उन्होंने अपने अपराध कबूल किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार किया। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
अभी और खुलासे होने की संभावना
प्राथमिक पूछताछ में दोनों ने कुछ और घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अब उनके क्रिमिनल नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और अन्य लूट मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। इनसे जुड़े अन्य साथियों की तलाश तेज़ कर दी गई है।