गोलियों से गूंजा अलीगंज का गांव, जमीनी विवाद में हथियार चले

थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम राजपुर कलां में 13 सितंबर को जमीन के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यादव और पाल परिवारों के बीच गाटा संख्या 282 को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद अचानक गोलीबारी में तब्दील हो गया। खेत जोतने के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज़ से पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दो अवैध तमंचे और कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी
पहला पक्ष (यादव परिवार)
1. प्रभान्शु यादव
2. प्रमोद कुमार यादव
3. हरीश यादव
4. अरविन्द कुमार यादव
गिरफ्तारी स्थल: राजपुर कलां गोशाला के पास
दूसरा पक्ष (पाल परिवार)
धर्मवीर यादव (पुत्र वीरेश पाल), प्रेमपाल (पुत्र चंद्रपाल)
गिरफ्तारी स्थल: राजपुर कलां – अनुरुद्धपुर मार्ग पर पिपरमेंट फैक्ट्री के पास
पूछताछ में हुआ खुलासा
दोनों पक्षों ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि खेत जोतने को लेकर पहले से ही रंजिश और मुकदमेबाजी चल रही थी।
पहला पक्ष– खेत जोतने से रोकने पर दूसरा पक्ष अचानक फायरिंग पर उतर आया।
दूसरा पक्ष– कहा कि पहले पक्ष ने ज़मीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की, इसलिए आत्मरक्षा में गोली चलाई।
पुलिस का बयान
“घटना गंभीर है, लेकिन समय रहते आरोपियों को पकड़ लिया गया। बरामद हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।” थाना प्रभारी, अलीगंज
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद राजपुर कलां गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई दोबारा कानून हाथ में न ले।