गन्ने के खेत में एक ही फंदे से लटके मिले प्रेमी जोड़े के शव

बरेली। जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नौ दिन से लापता प्रेमी जोड़े के शव सोमवार सुबह गन्ने के खेत में एक ही फंदे से लटके मिले। दोनों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
27 सितंबर से लापता थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, फरीदपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी बुधपाल नामक युवक का गांव की ही एक नाबालिग लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 27 सितंबर को लड़की अचानक लापता हो गई थी। लड़की के पिता ने फरीदपुर थाने में बुधपाल और उसके भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया गया था।
गन्ने के खेत में मिली दोनों की लाशें
सोमवार को गांव के पास गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने दो शव लटके देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों की पहचान बुधपाल और उसी लड़की के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, दोनों की मौत कई दिन पहले हुई प्रतीत हो रही है। शवों की हालत खराब हो चुकी थी।
पुलिस बोली प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेंगे राज
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि“दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।”
मृतक के परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
उधर, मृतक युवक के भाई राजेंद्र ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि,“लड़की के परिजनों ने दोनों को मारकर लटकाया है और बाद में हमारे परिवार के खिलाफ झूठा केस दर्ज कराया गया।”राजेंद्र ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गांव में पसरा सन्नाटा, दोनों परिवारों में कोहराम
घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। मृतक लड़की की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है। दोनों परिवारों के घरों में चीख-पुकार मची है। पुलिस ने गांव में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात कर दी है।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने दोनों परिवारों से पूछताछ शुरू कर दी है और मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।