कर्ज ने तोड़ी हिम्मत: बैंककर्मी बोला“बहुत टॉर्चर किया, सुसाइड कर रहा हूं”

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में रबड़ फैक्ट्री के पास रहने वाले एक्सिस बैंक के कर्मचारी मुनेंद्र मिश्रा (23) के लापता होने के बाद अब उसका आत्महत्या की बात करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में मुनेंद्र रोते हुए कह रहा है कि उसे कर्ज देने वालों ने बहुत टॉर्चर किया, जिससे वह जिंदगी से तंग आ चुका है। पुलिस ने युवक की तलाश तेज कर दी है।
वीडियो में बोला “पापा, मैं आपका अच्छा बेटा नहीं बन सका”
मुनेंद्र एक्सिस बैंक में क्रेडिट कार्ड विभाग में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। वायरल वीडियो में उसने रुपये के लेनदेन, शेयर मार्केट में नुकसान और धोखाधड़ी के आरोपों का जिक्र किया है। उसके पास जहर की शीशियां और सल्फास के पैकेट रखे दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस ने उसकी आत्महत्या की पुष्टि नहीं की है।
थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि मुनेंद्र 27 अक्टूबर से लापता है। कोई पता न चलने पर 4 नवंबर को परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की गई। युवक पर कई लोगों का लाखों रुपये कर्ज था। परिवार द्वारा दिए गए वीडियो की सत्यता और लोकेशन की जांच कराई जा रही है। मुनेंद्र का मोबाइल 3 नवंबर से बंद है।
मां की मौत के बाद हुआ था तनावग्रस्त
वीडियो में मुनेंद्र कहता है कि उसकी मां का दो महीने पहले निधन हो गया था। “मम्मी की मौत के बाद मैं बिल्कुल अकेला हो गया हूं। रिश्तेदारों और दोस्तों ने साथ नहीं दिया। मेरी मौत के लिए मेरा परिवार जिम्मेदार नहीं है।”
उसने वीडियो में अपनी गर्लफ्रेंड का भी जिक्र किया और कहा कि “वह सब कुछ जानती है।” इस बयान ने परिजनों की बेचैनी और बढ़ा दी है।





