स्वस्ति वाचन से शंखनाद तक… पंकज चौधरी के हाथों में यूपी बीजेपी की कमान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश बीजेपी को नया नेतृत्व मिल गया है। केंद्रीय मंत्री और महाराजगंज से सात बार के लोकसभा सांसद पंकज चौधरी को रविवार को औपचारिक रूप से उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में हुए भव्य कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं और संगठनात्मक गरिमा का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन से हुई, जिससे पूरा पार्टी दफ्तर गूंज उठा। इसके बाद केंद्रीय मंत्री व यूपी के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में पंकज चौधरी के नाम की औपचारिक घोषणा की। माहौल में उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता साफ झलक रही थी।
निवर्तमान अध्यक्ष ने सौंपा पार्टी का झंडा
इस अवसर पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने पार्टी का झंडा नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। यह क्षण नेतृत्व परिवर्तन के साथ निरंतरता का भी प्रतीक बना।
राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों का भी निर्वाचन
प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के साथ ही बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों का चुनाव भी संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश से दिग्गज नेता राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्मृति ईरानी राष्ट्रीय परिषद के सदस्य निर्वाचित हुए, जिससे यूपी का कद राष्ट्रीय राजनीति में और मजबूत हुआ।
संगठन और चुनावी रणनीति पर रहेंगी नजरें
पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब सबकी निगाहें आगामी चुनावी रणनीति, संगठन के विस्तार और जमीनी कार्यकर्ताओं को साधने पर टिकी हैं। अनुभवी सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में उनकी छवि को देखते हुए पार्टी में नए उत्साह और सख्त संगठनात्मक फैसलों की उम्मीद की जा रही है।





