पति की दूसरी शादी का विरोध करने पर महिला से क्रूर मारपीट, बहन के साथ छेड़छाड़
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया, जिला पंचायत सदस्य ने बचाई जान

बरेली। उत्तराखंड की एक महिला को अपने पति की दूसरी शादी का विरोध करना भारी पड़ गया। कोर्ट मैरिज के बाद आठ साल तक पति के साथ रुद्रपुर में रह रही महिला का आरोप है कि पति के परिजनों ने उसके साथ बर्बर मारपीट की, गाली-गलौज किया और उसकी छोटी बहन के साथ अश्लील हरकतें कीं। एक आरोपी ने तमंचा और तलवार से हमला किया, जिसमें महिला बाल-बाल बची।
पीड़िता ने बताया कि उसने 2017 में बहेड़ी थाना क्षेत्र के एक युवक से कोर्ट मैरिज की थी। हाल ही में पति ने फोन बंद कर गांव में दूसरी शादी रचा ली। 11 अप्रैल को महिला पुलिस के साथ पति के घर पहुंची, जहां दूसरी पत्नी मौजूद थी। विरोध करने पर पति ने उसे पीटा।
19 अप्रैल को पीड़िता अपनी बहन, मकान मालकिन और एक जिला पंचायत सदस्य के साथ समझौता कराने दोबारा गांव गई। वहां पति के परिजनों ने गालियां दीं, मारपीट की और बहन के साथ अभद्र व्यवहार किया। एक युवक ने हथियार निकालकर जान से मारने की धमकी दी। जिला पंचायत सदस्य की त्वरित सूझबूझ और 112 पर कॉल से पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में लिया।
महिला ने बताया उसने अपने हक की लड़ाई लड़ी, लेकिन उसे और उसकी बहन को अपमानित किया गया। उसकी शादी के दस्तावेज छीन लिए गए। उसके पास पूरी घटना का वीडियो है।”
पुलिस की कार्रवाई:
थाना बहेड़ी में पीड़िता ने नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया और जांच शुरू कर दी है। यह घटना महिलाओं की सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर सवाल उठाती है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है और कहा कि वह डर के साए में जी रही है।