नहरों में पानी नहीं, किसानों ने उठाई आवाज़, अधिकारियों से शिकायत

बरेली। रबी सीजन के बीच शारदा खंड नहरों में पानी न आने से बरेली जनपद के किसान गहरे संकट में आ गए हैं। ब्लॉक बिथरी चैनपुर, थाना भुता क्षेत्र के रसूल, लहिया, भड़रिया, भगनापुर, उदयपुर समेत अनेक गांवों से गुजरने वाली शारदा खंड नहरें बीते कई दिनों से सूखी पड़ी हैं। नहरों में पानी न मिलने के कारण सरसों, गेहूं और गन्ने की खड़ी फसलें प्रभावित होने लगी हैं, जिससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जरूरत पर पानी गायब, बेवक्त छोड़ा जाता है पानी
किसानों का आरोप है कि जब फसलों को सिंचाई की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उस समय नहरों में पानी बिल्कुल नहीं छोड़ा जाता। वहीं, जब सिंचाई की आवश्यकता नहीं रहती, तब नहरों में पानी छोड़ दिया जाता है, जिससे किसानों को कोई लाभ नहीं मिल पाता।
दर्जनों गांवों के किसान परेशान
नहरों में पानी न आने से रसूल, लहिया, भड़रिया, भगनापुर, उदयपुर सहित आसपास के कई गांवों के किसान निजी संसाधनों से सिंचाई करने को मजबूर हैं। इससे उनकी लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि फसल खराब होने का खतरा अलग से मंडरा रहा है।
किसानों ने संगठन से लगाई गुहार
परेशान किसानों ने मामले की सूचना अंतरराष्ट्रीय हिंदू सेना के जिलाध्यक्ष अजय पटेल को दी। किसानों की व्यथा सुनते ही जिलाध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित सिंचाई विभाग के अधिकारियों से एक्स (X) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।
शीघ्र समाधान की मांग
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शारदा खंड नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया, तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। किसानों ने जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग से तत्काल नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग की है, ताकि उनकी फसलें बचाई जा सकें।





