उधार के नाम पर पौने दो लाख की धोखाधड़ी, धमकी देने का आरोप

बरेली। जान-पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर उधार के नाम पर पौने दो लाख रुपये हड़पने और रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला थाना बारादरी क्षेत्र से सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी की बीमारी का हवाला देकर ली रकम
सर्वोदयनगर, बदायूं रोड निवासी धर्मेन्द्र कुमार शर्मा के अनुसार उनकी पहले से पहचान अरुण कुमार पुत्र रमाकान्त मौर्य, निवासी नई बस्ती, पीलीभीत से थी। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी उनके वायोवेल ऑफिस, पीलीभीत रोड (सैटेलाइट थाना बारादरी के पास) पहुंचा और पत्नी की गंभीर बीमारी का हवाला देकर आर्थिक मदद मांगी।
पीड़ित ने मानवीय आधार पर 1,48,000 रुपये एनईएफटी के जरिए आईसीआईसीआई बैंक, सिविल लाइन्स नार्थ पीलीभीत स्थित आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए, जबकि 26,000 रुपये नकद 18 जून 2025 को कार्यालय में दिए गए। आरोपी ने लिखित रूप से भरोसा दिलाया कि वह 17 जुलाई 2025 तक पूरी रकम लौटा देगा।
तय समय पर बदली नीयत
निर्धारित तिथि बीतने के बावजूद जब रकम वापस नहीं की गई तो पीड़ित ने कई बार तगादा किया। इसके बाद पीड़ित आरोपी की मौर्या मेडिकल एजेंसी, छत्री चौराहा, पीलीभीत पहुंचा और उसके पिता रमाकान्त मौर्य से शिकायत की। आरोप है कि वहां उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
फोन पर भी मिल रही धमकियां
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अरुण कुमार लगातार फोन पर गाली-गलौज कर रहा है और रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। इससे पीड़ित और उसका परिवार भयभीत है।
चार-सौ-बीसी का आरोप, सबूत पुलिस के पास
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शुरू से ही धोखाधड़ी (चार-सौ-बीसी) की नीयत से पैसे लिए थे। बैंक ट्रांजेक्शन, लिखित आश्वासन और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य पुलिस को सौंपे गए हैं। तहरीर के आधार पर थाना बारादरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






