No Slide Found In Slider.
Breaking Newsउत्तरप्रदेशबरेली

डिप्टी सीएम के काफिले से टकराई गाय, बरेली में नगर निगम का एक्शन मोड

No Slide Found In Slider.

बरेली। पीलीभीत रोड पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के काफिले की कार से गाय टकराने की घटना के बाद बरेली नगर निगम हरकत में आ गया है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने शहर में ताबड़तोड़ अभियान चलाते हुए अब तक 60 से अधिक आवारा गायों को पकड़कर गोशालाओं में भेज दिया है, जबकि नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है।

घटना के बाद नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी और उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस जारी किया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने वीआईपी ड्यूटी में तैनात कैटल कैचर टीम के प्रभारी सहित 11 कर्मचारियों से जवाब तलब किया। सभी कर्मचारियों ने अपनी-अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहने की बात कही है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही नगर आयुक्त को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

कैसे हुआ था हादसा

गौरतलब है कि 10 जनवरी को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य फरीदपुर में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होने के बाद एयरपोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान पीलीभीत रोड पर उनकी कार से एक गाय टकरा गई थी। गनीमत रही कि इस हादसे में उप मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। घटना के बाद पुलिस ने सड़कों पर आवारा पशुओं की जिम्मेदारी नगर निगम पर डाल दी थी।

कैटल कैचर टीम की सफाई

कैटल कैचर प्रभारी अरुण कुमार की अगुवाई में 11 कर्मचारियों की टीम वीआईपी ड्यूटी में तैनात थी। टीम का कहना है कि वे मौके पर मौजूद थे, लेकिन कई बार पुलिस बैरिकेडिंग के चलते टीम को प्रभावित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं मिल पाता, जिससे कार्रवाई में बाधा आती है।

लगातार चल रहा अभियान

घटना के अगले ही दिन नगर निगम की टीमों ने पीलीभीत रोड पर विशेष अभियान चलाकर 17 गायों को पकड़ा। इसके बाद रविवार को बदायूं रोड पर अभियान चलाकर 30 गायें गोशालाओं में भेजी गईं। अन्य इलाकों में भी कार्रवाई जारी है और अब तक 60 से अधिक आवारा गायें पकड़ी जा चुकी हैं।

नगर निगम के अनुसार, यदि पकड़ी गई गाय को मालिक छुड़ाना चाहता है तो प्रति गाय 1500 रुपये का जुर्माना भी लगाया जा रहा है।

अधिकारियों का बयान

उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नैन सिंह ने बताया कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है। प्रारंभिक जांच में उनकी बड़ी लापरवाही सामने नहीं आई है।

वहीं नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा“नगर स्वास्थ्य अधिकारी और उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

डिप्टी सीएम के काफिले से जुड़ी घटना के बाद नगर निगम की यह कार्रवाई सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं पर लगाम कसने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button