No Slide Found In Slider.
Breaking Newsउत्तरप्रदेशबरेली

विशेष मुहिम में बरेली ने मारी बाज़ी, आयुष्मान कार्ड निर्माण में प्रदेश में दूसरा स्थान

No Slide Found In Slider.

बरेली। छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए चलाई गई विशेष मुहिम में बरेली जिले ने प्रदेश भर में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से जारी जिलेवार रैंकिंग में प्रदेश के 75 जिलों में बरेली शीर्ष जिलों में शामिल रहा, जबकि पड़ोसी जनपद पीलीभीत 73वें पायदान पर पहुंच गया।

मंडल के अन्य जिलों की स्थिति पर नजर डालें तो बदायूं 13वें, लखीमपुर खीरी 15वें और शाहजहांपुर 49वें स्थान पर दर्ज हुआ है।

मुख्य सचिव के निर्देश पर चली विशेष मुहिम

बरेली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि मुख्य सचिव के निर्देश पर 25 नवंबर से 25 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कोई भी पात्र व्यक्ति या परिवार योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

इस दौरान उन परिवारों पर विशेष फोकस किया गया, जिनके कुछ सदस्य पहले छूट गए थे। सभी छूटे पात्रों की सूची तैयार कर संबंधित टीमों को सौंपी गई, ताकि परिवार के प्रत्येक सदस्य का आयुष्मान कार्ड बनाया जा सके।

वरिष्ठ नागरिकों के बने ‘आयुष्मान वय वंदना कार्ड’

अभियान के दौरान 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी बनाए गए।

आयुष्मान कार्ड निर्माण का नियमित डाटा स्टेट हेल्थ एजेंसी को भेजा गया, जिससे रिपोर्टिंग में पारदर्शिता बनी रहे।

माह भर में 21,606 पात्र लोग बने आयुष्मान लाभार्थी

शासन को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार, मासिक गतिविधि के दौरान बरेली मंडल में आयुष्मान कार्ड निर्माण का आंकड़ा इस प्रकार रहा, बरेली: 21,606 कार्ड, बदायूं: 10,326 कार्ड, लखीमपुर खीरी: 10,271 कार्ड, शाहजहांपुर: 8,622 कार्ड, पीलीभीत: 2,291 कार्ड

पात्रता जांच में बड़ा खुलासा, 55 अपात्र रिश्तेदार हटाए गए

अभियान के दौरान पात्रता जांच में एक चौंकाने वाला मामला भी सामने आया। एक पंचायत सहायक ने जब अपने परिवार की सूची की जांच की, तो उसमें 55 अन्य रिश्तेदार और नातेदार जुड़े पाए गए। जांच के बाद सभी अपात्र नामों को कार्ड सूची से हटा दिया गया, जिससे योजना की पारदर्शिता और मजबूती सामने आई।

इन विभागों ने मिलकर किया अभियान सफल

इस विशेष मुहिम में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ

नगर विकास, पंचायतीराज, ग्राम विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, खाद्य एवं रसद, चिकित्सा शिक्षा और सूचना विभाग की सक्रिय भागीदारी रही।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button