डीआईजी अखिलेश निगम के नेतृत्व में उन्नाव में नशा मुक्ति अभियान, बच्चों ने ली नशा न करने की शपथ

उन्नाव में प्रेस एनालिसिस ऑफ एशिया के तत्वावधान में शनिवार को ग्राम मिर्री कला, असोहा, तहसील पुरवा के S.D.R.R. हायर सेकेंडरी स्कूल में एक दिवसीय नशा मुक्ति अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर नशा मुक्त समाज की दिशा में जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईपीएस अखिलेश निगम, डीआईजी (CB CID) रहे। उत्तर प्रदेश मद्य निषेध विभाग के सहयोग से नशा विरोधी प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ।
डीआईजी अखिलेश निगम ने कहा कि नशा देश के युवाओं को अंदर से खोखला कर रहा है। उन्होंने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों को नशा न करने, तेज वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
मद्य निषेध विभाग द्वारा आयोजित नशा विरोधी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 25 स्कूली बच्चों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि ओज कवि अटल नारायण की ओजस्वी कविताओं से विद्यालय परिसर गूंज उठा। उनकी कविताओं ने बच्चों में जोश और जागरूकता का संचार किया। उन्होंने कहा कि नशा आज भारत के हर कोने में फैल चुका है और इसे समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होना होगा।
कार्यक्रम के प्रयोजक डिप्टी चेयरमैन संतोष सिंह ने कहा कि संस्था ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशा मुक्त भारत से जोड़ने का कार्य करती रहेगी, जिससे नशे से होने वाली मौतों पर रोक लगाई जा सके।
विशिष्ट अतिथि उपक्षेत्रीय मद्य अधिकारी बृजमोहन ने बताया कि मद्य निषेध विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से विभाग की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने कहा कि खेल, निबंध, कला एवं अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने नशा विरोधी विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रबंधक, S.D.R.R. हायर सेकेंडरी स्कूल विनोद कुमार ने कहा कि नशा मुक्ति आंदोलन में स्कूली बच्चों की भागीदारी अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार जताया, जो युवाओं को नशे से बचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चला रहे हैं।
संरक्षक डॉ. ए.के. सेठ ने कहा कि नशा मन और परिवार दोनों को बर्बाद कर देता है, इसलिए इससे दूर रहना ही जीवन की सफलता की कुंजी है।
सुरेश कुमार, प्रधान सहायक (सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश शासन) ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आने वाली पीढ़ी को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएंगे और उन्होंने विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों व अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं।
राकेश कश्यप, मंडल चेयरमैन, लखनऊ ने कड़ाके की ठंड में भी अनुशासनपूर्वक बैठे स्कूली बच्चों के साहस की सराहना की तथा शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर प्रेस एनालिसिस ऑफ एशिया की टीम से सिम्मी गुप्ता (जिला संपर्क प्रभारी, लखनऊ), विशाल कुमार (राज्य मीडिया प्रभारी, उत्तर प्रदेश), शाहनवाज राइनी (जिला चेयरमैन, लखनऊ), देवेंद्र प्रताप सिंह तथा क्षेत्रीय मद्य निषेध विभाग से संकटा प्रसाद, श्रीकांत और जादूगर आफताब हुसैन सहित सैकड़ों स्कूली बच्चे, अभिभावक एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।






