महाशिवरात्रि पर बरेली सजेगा फूलों से, एक हफ्ते तक लगेगा भव्य फ्लावर-शो

बरेली। महाशिवरात्रि 2026 के पावन अवसर पर बरेली शहर एक अनोखे और भव्य नज़ारे का साक्षी बनने जा रहा है। इस मौके पर शहर में विशाल‘फ्लावर-शो’ (पुष्प-प्रदर्शनी) का आयोजन किया जा रहा है, जो पूरे एक सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान शहरवासी देश-विदेश के विभिन्न प्रकार के दुर्लभ और आकर्षक फूलों की सुंदरता का आनंद ले सकेंगे। यह आयोजन न सिर्फ महाशिवरात्रि को विशेष बनाएगा, बल्कि बरेली को धार्मिक, सांस्कृतिक और सौंदर्यात्मक पहचान भी देगा।
रुद्रावनम पार्क बनेगा पुष्प-भक्ति का केंद्र
भव्य पुष्प-प्रदर्शनी ग्रेटर बरेली आवासीय योजना स्थित रुद्रावनम पार्क में आयोजित की जाएगी। पार्क को विशेष रूप से सजाया जाएगा, जहां रंग-बिरंगे फूलों से निर्मित कलाकृतियां, आकृतियां और धार्मिक प्रतीक दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
भगवान शिव के प्रतीकों से सजेगा पूरा शहर
महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर को एक नवीन और आकर्षक स्वरूप देने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत, शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों, डिवाइडरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का विशेष सुंदरीकरण किया जाएगा। कट-फ्लावर और पुष्प सज्जा के माध्यम से भगवान शिव से जुड़े प्रतीक, शिवलिंग, डमरू, त्रिशूल, चंद्रमा और सर्प आदि को पुष्प आकृतियों के रूप में सजाया जाएगा। इससे शहर में धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत समन्वय देखने को मिलेगा।
सप्ताहभर होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
फ्लावर-शो के दौरान एक सप्ताह तक विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इनमें भजन-संध्या, शिव स्तुति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आध्यात्मिक आयोजन शामिल रहेंगे, जिससे भक्तिमय वातावरण बनेगा।
शहरवासियों से मांगे गए सुझाव
आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए शहर को एक नवीन, आकर्षक और सांस्कृतिक स्वरूप देने संबंधी शहरवासियों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए हैं। आयोजकों का कहना है कि जनसहभागिता से यह आयोजन और भी भव्य रूप लेगा।





