हादसे में घायल सैनिक की उपचार के दौरान मौत, सैन्य सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

बरेली। शाही थाना क्षेत्र के तुरसापट्टी गांव निवासी वागीश कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। वागीश कुमार (41 वर्ष) गोरखा राइफल्स में सैनिक के पद पर तैनात थे। वह वर्तमान में शाहजहांपुर जिले में स्थित बटालियन में तैनात थे। बताया गया कि वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। शनिवार को लखनऊ के अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जरूरी कार्रवाई के बाद सोमवार को सैनिक का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव तुरसापट्टी लाया गया तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पूरा गांव शोक संवेदना व्यक्त करने उमड़ पड़ा। बटालियन के पचास से अधिक सैनिकों के साथ सैन्य अधिकारी भी दोपहर को गांव पहुंच गए। सैनिक का सैन्य सम्मान के साथ तिरंगा में लपेटकर शव घर से गांव स्थित श्मशान भूमि में बटालियन के सैनिक लेकर पहुंचे। वाद्ययंत्रों की मातमी ध्वनि के साथ अधिकारियों ने सैनिक को सलामी दी।
उसके बाद सैनिक वागीश कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में गांव के अलावा आसपास के कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। वागीश छह बहनों के बीच सबसे छोटे अकेले भाई थे। उनकी पत्नी काजल, पिता बद्री प्रसाद और बहनों का का रो-रो कर हाल-बेहाल था। मृतक सैनिक के एक पुत्र आदर्श एवं पुत्री समृद्धि हैं। बच्चों के भी आंसू नहीं थम रहे थे।





