बरेली में एसआईआर की ड्राफ्ट सूची जारी, पहली लिस्ट में 26.91 लाख मतदाताओं के नाम

बरेली। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद मतदाता सूची का प्रकाशन मंगलवार को कर दिया गया। चार नवंबर से प्रारंभ हुए विशेष गहन पुनरीक्षण में घर-घर जाकर मतदाताओं का सर्वे और सत्यापन किया गया है। इसके बाद 26,91,067 मतदाताओं के नामों की सूची का प्रकाशन किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चार नवंबर से एसआईआर अभियान शुरू हुआ था। उस दौरान मतदाता सूची में 34,05,520 मतदाता थे। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को एसआईआर के डिजिटाइजेशन का कार्य समाप्त हो गया था। इसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार की गई, जिसका प्रकाशन मंगलवार को कराया गया है।
ड्राफ्ट सूची में 26.91 लाख लोगों के नाम
डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में 26,91,067 मतदाता हैं। इसमें 14,82,546 पुरुष वोटर और 12,08,468 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 53 थर्ड जेंडर मतदाता है। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 716509 एएसडी (अबसेंट, शिफ्टेड, डेड या डुप्लीकेट) के रूप में चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिले में कुल 235139 मतदाताओं को नो मैपिंग के रूप में चिन्हित किया गया है, जिन्हें 27 फरवरी तक नोटिस जारी करके उनका निस्तारण किया जाना है। डीएम ने बताया कि ड्राफ्ट सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई हैं।
छह फरवरी तक लिए जाएंगे दावा आपत्ति
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रशासन के बाद अब छह जनवरी से छह फरवरी तक आमजन से दावा आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद छह मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाना है।






