बरेली में किडनैपिंग से दहशत: किराए के कमरे में रहने वाली छात्रा लापता, फिरौती का मैसेज आया

बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां कक्षा नौ में पढ़ने वाली एक छात्रा कोचिंग से लौटते समय लापता हो गई। देर रात जब पिता के मोबाइल पर 15 लाख रुपये की फिरौती का व्हाट्सएप संदेश आया, तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
छात्रा मूल रूप से पीलीभीत जनपद की रहने वाली है और पढ़ाई के लिए नवाबगंज में किराए के कमरे में रहती थी। परिजनों के अनुसार, वह रोजाना कोचिंग से लौटकर पिता को फोन कर अपनी सुरक्षित वापसी की जानकारी देती थी, लेकिन बुधवार शाम उसकी ओर से कोई कॉल नहीं आया।
कॉल नहीं आया, बढ़ती गई बेचैनी
काफी देर इंतजार के बाद परिजनों ने छात्रा के कमरे के मकान मालिक से संपर्क किया, लेकिन वहां से भी कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजन खुद उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन छात्रा का कहीं पता नहीं चला।
रात करीब 9:30 बजे अचानक छात्रा के पिता के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से 15 लाख रुपये की फिरौती का संदेश आया। संदेश पढ़ते ही पिता दहशत में आ गए और तुरंत नवाबगंज थाने पहुंचकर मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई।
एसएसपी ने लगाईं कई टीमें, SOG भी सक्रिय
अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी समेत चार टीमें छात्रा की तलाश में लगा दी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, हालांकि देर रात तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
राजनीतिक हस्तक्षेप, नेताओं ने की कार्रवाई की मांग
मामले की जानकारी मिलने पर गन्ना मंत्री संजय सिंह और पीलीभीत के सांसद जितिन प्रसाद ने भी एसएसपी से संपर्क कर छात्रा की शीघ्र बरामदगी के निर्देश देने को कहा है। दोनों नेताओं ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।






