सदन में गूंजा भूमाफिया का मुद्दा भोजीपुरा में नाली-ट्यूबवेल पर कब्जे का मामला उठा

बरेली। भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम घघौरा पिपरिया में सार्वजनिक नाली व ट्यूबवेल पर अवैध कब्जे का मामला अब विधानसभा से लेकर शासन तक पहुंच गया है। समाजवादी पार्टी के विधायक शहजिल इस्लाम ने सदन में यह गंभीर मुद्दा उठाते हुए भूमाफियाओं द्वारा किए गए कब्जे को हटाने की मांग की, जिस पर शासन ने जिलाधिकारी को कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
विधायक शहजिल इस्लाम ने विधानसभा अध्यक्ष को लिखित शिकायत सौंपकर बताया कि ग्राम घघौरा पिपरिया की गाटा संख्या 1037 में स्थित नाली व ट्यूबवेल पर भूमाफिया ने कब्जा कर लिया है। करीब 400 मीटर चौड़ी नाली को तोड़कर प्लाटिंग की जा रही है, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। आरोप है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा के विशेष सचिव की ओर से शासन को पत्राचार किया गया। इसके बाद संयुक्त सचिव ओम प्रकाश पांडेय ने जिलाधिकारी बरेली को पत्र लिखकर अवैध कब्जा हटवाने तथा की गई कार्रवाई की आख्या शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
इधर, प्रशासनिक स्तर पर प्रकरण की जांच एसडीएम सदर को सौंप दी गई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सदन में मामला उठने के बाद अब गांव के किसानों को उम्मीद है कि वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान होगा और सार्वजनिक संसाधनों को भूमाफियाओं के कब्जे से मुक्त कराया जाएगा।





