‘हरित चर्चा’ में पर्यावरण संरक्षण पर मंथन, जल–वन बचाने का लिया संकल्प

बरेली।पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के तत्वावधान में लोक खुशहाली चैरिटेबल ट्रस्ट के सभागार में ‘हरित चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय संयोजक रणवीर जी ने उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उनके अनुभवों पर संवाद किया। उन्होंने प्रति व्यक्ति ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ाने, जल के विवेकपूर्ण उपयोग, रसायन रहित साबुन के प्रयोग, बीजारोपण, पौधारोपण, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन तथा हरित घरों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
डॉ. विनोद पागरानी ने कहा कि नहाते समय फव्वारे के स्थान पर बाल्टी का प्रयोग करने से जल संरक्षण संभव है। वहीं, प्रांत संयोजक शिवेन्द्र जी ने कहा कि संकल्प के आधार पर पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि बरेली महानगर में कुओं के संरक्षण का संकल्प लिया गया है।
नारी शक्ति प्रांत संयोजिका प्रीति सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण दिया जा सकता है। शैलेंद्र विक्रम जी ने कहा कि पर्यावरण में सभी जीवों का संतुलन बना रहना ही मानव जीवन का आधार है।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी संस्थाओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी साझा की। मंच संचालन एडवोकेट मनोज बाजपेई ने किया, जबकि महानगर संयोजक सुदीप ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रांत टोली से शशि देवी शर्मा, रचना सक्सेना, विवेक पटेल, पुष्पेंद्र, बरेली विभाग से पारस सिंह, विवेक दुबे, संदीप, महानगर टोली से प्रत्युश, मनोज मेहरा, अरविंद, धीरेन्द्र, प्रेम शंकर, रमाकांत सहित सामाजिक संस्थाओं से मीनाक्षी चंद्र, तरुण कपूर, नीतू, हेमा अडवाणी, अंजना राठौर, भावना सिंह, अभिनव पाल, पंकज झा, शालू सक्सेना, शीलू त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।






