रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए मजदूर, मौत

बरेली। थाना फरीदपुर क्षेत्र के राजपुरिया गांव निवासी 45 वर्षीय बाबूराम की शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उनका शव सीबीगंज थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार बाबूराम वर्तमान में अपने बहनोई ठाकुरदास के घर सीबीगंज थाना क्षेत्र के नंदोसी गांव में रह रहे थे। शनिवार सुबह वह शौच के लिए रेलवे लाइन पार कर रहे थे, इसी दौरान अचानक ट्रेन आ जाने से वह उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर मृतक के भांजे सचिन ने बताया कि बाबूराम को कम सुनाई देता था और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण हादसा हुआ।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि बाबूराम मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे और अविवाहित थे।






