फरीदपुर टोल प्लाजा पर ड्राइवर-कंडक्टर की मौत, केबिन में मिली मेथनॉल की बोतलें
ठंड में शराब की बजाय मेथनॉल पीने से हादसा या दुर्घटना?

बरेली। फरीदपुर टोल प्लाजा के पास गुरुवार देर रात दिल्ली–लखनऊ नेशनल हाईवे पर असम से उत्तराखंड के रुद्रपुर जा रहे एक टैंकर के केबिन में चालक और कंडक्टर मृत पाए गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
केबिन में मिली शराब और खाना
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच में पता चला कि टैंकर के केबिन में खाना और कुछ बोतलें पाई गईं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि मेथनॉल और अन्य नशीले पदार्थ की ओवरडोज़ लेने से उनकी मौत हुई हो सकती है।
कहाँ से कहाँ ले जा रहे थे टैंकर?
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी चालक पुष्पेंद्र और अंबेडकर नगर निवासी कंडक्टर सुरेंद्र असम से मेथनॉल भरकर उत्तराखंड के रुद्रपुर ले जा रहे थे। फरीदपुर टोल प्लाजा पर उन्होंने टैंकर रोककर केबिन में खाना बनाया।
मेथनॉल पीने के बाद हुई मौत
पुलिस का कहना है कि खाना बनाते समय दोनों ने टैंकर से मेथनॉल निकालकर अन्य किसी नशीले पदार्थ के साथ मिलाकर पी लिया। इसके बाद दोनों केबिन में ही सो गए।
कैसे मिली लाशें
रात के समय कोहरे में रोड पर खड़े वाहनों को हटाया जा रहा था। इसी दौरान टैंकर को हटाने के लिए आवाज दी गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस ने केबिन की जांच की तो दोनों चालक और कंडक्टर बेहोशी की हालत में पड़े थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम अब पूरी जांच में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हादसा था या दुर्घटना।






