बरेली बनेगा नया औद्योगिक हब, 250 हेक्टेयर में बनेगी आधुनिक इंडस्ट्रियल टाउनशिप

बरेली। जनपद के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। बीडीए द्वारा 250 हेक्टेयर भूमि पर अत्याधुनिक इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिससे न केवल जिले में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि बरेली आर्थिक रूप से भी और अधिक सशक्त बनेगा।
लखनऊ में 16 से 18 जनवरी तक आयोजित ‘इंडिया फूड एक्सपो-2026’ के दौरान बीडीए के उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बरेली को उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में प्रस्तुत करते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना का रोडमैप साझा किया।
दिल्ली-एनसीआर का मजबूत विकल्प बन रहा बरेली
एक्सपो में डॉ. मनिकंडन ए. ने कहा कि दिल्ली और एनसीआर में बढ़ते औद्योगिक दबाव के बीच बरेली एक सशक्त और व्यवहारिक विकल्प बनकर उभरा है।
रहपुरा जागीर के समीप प्रस्तावित इंडस्ट्रियल टाउनशिप की भौगोलिक स्थिति और कनेक्टिविटी इसकी सबसे बड़ी ताकत है। यह क्षेत्र दिल्ली और लखनऊ जैसे बड़े शहरों के बीच प्राइम लोकेशन पर स्थित है, वहीं उत्तराखंड की नजदीकी भी निवेशकों के लिए अतिरिक्त लाभ है।
गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स लागत होगी कम
प्रस्तावित टाउनशिप गंगा एक्सप्रेसवे से मात्र 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगी। बेहतर सड़क संपर्क और मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के चलते उद्योगों की परिवहन लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी, जो निवेशकों के लिए बड़ा आकर्षण साबित होगी।
दो चरणों में होगा टाउनशिप का विकास
बीडीए द्वारा विकसित की जा रही इंडस्ट्रियल टाउनशिप का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण: 125 हेक्टेयर क्षेत्र का शुभारंभ, कुल क्षेत्रफल: 250 हेक्टेयर, टाउनशिप में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा, जिसमें स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, भूमिगत विद्युत नेटवर्क, गैस पाइपलाइन, ई-चार्जिंग स्टेशन, चौड़ी सड़कें, सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम, फायर स्टेशन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।
निवेशकों के लिए तीन दिन का डिमांड सर्वे शुरू
निवेशकों की रुचि और आवश्यकताओं को समझने के लिए बीडीए ने तीन दिनों का डिमांड सर्वे शुरू किया है।
इच्छुक उद्यमी बीडीए की आधिकारिक वेबसाइट www.bdainfo.org पर जाकर डिमांड सर्वे फॉर्म भर सकते हैं। इसके अलावा लखनऊ में चल रहे इंडिया फूड एक्सपो-2026 में बीडीए के स्टॉल पर भी परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
यह इंडस्ट्रियल टाउनशिप परियोजना न केवल बरेली की अर्थव्यवस्था को गति देगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
फूड एक्सपो के माध्यम से देश-विदेश की फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स और बड़े औद्योगिक घरानों को बरेली में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया है।






