कोहरे का कहर: बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भीषण सड़क हादसे

फरीदपुर में 20 वाहन भिड़े, रोडवेज बस चालक की मौत, 24 घायल
बरेली। रविवार सुबह घने कोहरे के कारण जनपद बरेली समेत पीलीभीत और शाहजहांपुर में सड़क हादसों की कड़ी लग गई। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में कई लोगों की जान चली गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कोहरे के कारण दृश्यता शून्य रही, जिससे हाईवे और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ।
फरीदपुर में हाईवे पर बड़ा हादसा
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में रविवार सुबह करीब आठ बजे द्वारिकेश शुगर मिल के पास लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर घने कोहरे के कारण दोनों लेन पर एक के बाद एक करीब 20 वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
हादसे में सोहराब गेट डिपो की रोडवेज बस, जो गोरखपुर से मेरठ जा रही थी, आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस चालक अतर सिंह (निवासी ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर, जिला मुजफ्फरनगर) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में 24 लोग घायल हुए हैं।
भुता में ट्रक-कार की टक्कर
भुता कस्बा में बाजार के सामने सुबह करीब आठ बजे कोहरे के कारण ट्रक और कार की भिड़ंत हो गई। कार सवार संगम वाजपेई, उनकी पत्नी प्रियंका मिश्रा और साले सचिन मिश्रा (निवासी खुटार, शाहजहांपुर) घायल हो गए। कार का एयरबैग खुलने से सभी को हल्की चोटें आईं। घायलों को सीएचसी बिथरी चैनपुर भेजा गया।
शाहजहांपुर में साले-बहनोई की मौत
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में सीतापुर-बरेली नेशनल हाईवे पर चकभिटारा मोड़ के पास रविवार सुबह करीब नौ बजे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक महावीर (45) निवासी चकभिटारा और उनके साले हेमनाथ (30) निवासी पालीचक, थाना मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी) की मौत हो गई। एक टेंपो चालक भी घायल हुआ है। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पीलीभीत में पीएसी वाहन हादसे का शिकार
पीलीभीत के थाना गजरौला क्षेत्र में असम हाईवे पर घने कोहरे के कारण पीएसी की गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वाहन चालक समेत आठ पीएसी जवान घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। जवान पूरनपुर के धनाराघाट में गंगा स्नान मेले की ड्यूटी पर जा रहे थे।





