मेक इन यूपी: मेडिकल डिवाइसेस पार्क में 587 करोड़ के निवेश से भारत में BNCT तकनीक का निर्माण
Medical Devices Park Uttar Pradesh | BNCT Technology India

लखनऊ/नोएडा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘मेक इन यूपी’ विजन के तहत उत्तर प्रदेश अब मेडिकल टेक्नोलॉजी के वैश्विक मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने को तैयार है। इन्वेस्ट यूपी और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के संयुक्त प्रयासों से शुक्र फ़ार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड को मेडिकल डिवाइसेस पार्क में 10 एकड़ भूमि का आशय पत्र (LoI) सौंपा गया है।
₹587 करोड़ के इस निवेश से राज्य में 2,900 नई नौकरियां सृजित होंगी। इसके अलावा, इस परियोजना से भारत की आयात पर निर्भरता घटेगी और देश में विश्वस्तरीय, किफायती चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे।
कैंसर और हृदय रोगों का स्वदेशी समाधान
इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू बोरॉन न्यूट्रॉन कैप्चर थेरेपी (BNCT) तकनीक का भारत में निर्माण है। यह तकनीक गंभीर और जटिल कैंसर के सटीक और प्रभावी उपचार के लिए दुनिया की सबसे उन्नत पद्धतियों में से एक मानी जाती है। अब तक इस स्तर की तकनीक के लिए भारत पूरी तरह से विदेशों पर निर्भर था, लेकिन इस परियोजना के माध्यम से इसे स्वदेशी रूप में विकसित किया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से न केवल चिकित्सा क्षेत्र में गुणवत्ता और पहुंच बढ़ेगी, बल्कि राज्य में मेडिकल टेक्नोलॉजी में निवेश और रोजगार के अवसर भी व्यापक स्तर पर बढ़ेंगे।





