जनगणना-2027: बरेली में मकानों की गणना की तैयारी तेज, 162 फील्ड ट्रेनर होंगे तैनात

जनगणना-2027 से पहले बरेली जनपद में मकानों की गणना कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस कार्य के लिए 162 फील्ड ट्रेनर तैनात किए जाएंगे। फील्ड ट्रेनरों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
जिम्मेदारी और निर्देश
पंचम मंडल सिंचाई कार्य बरेली के अधीक्षण अभियंता, बाढ़ कार्य मंडल के अधीक्षण अभियंता, नलकूप मंडल के अधीक्षण अभियंता और डायट फरीदपुर के प्राचार्य को 162 फील्ड ट्रेनरों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
समिति का गठन
जनपद में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से कराने के लिए जिला जनगणना समन्वय समिति गठित की गई है।
- जिलाधिकारी अविनाश सिंह प्रमुख जनगणना अधिकारी होंगे।
- अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) समिति के संयोजक होंगे।
- मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, डीएसटीओ, डीपीआरओ और जिला सूचना अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
समिति जनगणना की प्रारंभिक तैयारियां, प्रशिक्षण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना, जिला जनगणना हस्तपुस्तिका और जनसंख्या की गणना जैसे कार्यों को संपन्न कराएगी।
मई-जून से शुरू होगा फील्ड कार्य
जिला जनगणना अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य मई-जून में आयोजित किया जाएगा।
ट्रेनरों को मिलेगा प्रशिक्षण
राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को सफल बनाने के लिए फील्ड ट्रेनरों को जनगणना निदेशालय के अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये अधिकारी पहले ही नेशनल ट्रेनर का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। सूची में ट्रेनरों के मोबाइल नंबर दर्ज कर हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।





