2.5 करोड़ की लागत से हाईटेक मीडिया टावर, बीडीए की महत्वाकांक्षी पहल

बरेली।
शहर को आधुनिक और डिजिटल पहचान देने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने एक नई महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की है। रामगंगानगर आवासीय योजना के सेक्टर-7 में करीब 11 मीटर ऊंचा अत्याधुनिक मीडिया टावर बनाया जाएगा। लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह टावर प्रदेश का पहला मीडिया टावर होगा।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन के अनुसार, इस मीडिया टावर में लगभग आठ मीटर का विशाल डिस्प्ले एरिया विकसित किया जाएगा। इसमें 5,000 से अधिक एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी, जो लाखों रंगों के संयोजन के साथ रात के समय आकर्षक और फ्लिकर इफेक्ट वाले दृश्य प्रस्तुत करेंगी। टावर की ढलान वाली स्क्रीन को सिंगापुर के प्रसिद्ध गार्डन बाय द वे पार्क की तर्ज पर डिजाइन किए जाने का दावा किया गया है।
सरकारी योजनाओं के प्रचार के साथ विज्ञापन भी
बीडीए अधिकारियों का कहना है कि इस मीडिया टावर का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे आम जनता तक पहुंचाना है। इसके अलावा, स्क्रीन पर व्यावसायिक विज्ञापन भी प्रसारित किए जाएंगे, जिससे प्राधिकरण को राजस्व अर्जन की उम्मीद है।
हालांकि, स्थानीय स्तर पर इस परियोजना को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि कहीं यह टावर सरकारी प्रचार और कॉमर्शियल विज्ञापनों का ही माध्यम बनकर न रह जाए।
इन्फोटेनमेंट हब के रूप में होगा विकास
बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि मीडिया टावर को एक इन्फोटेनमेंट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से कंटेंट, डिस्प्ले और मीडिया प्लेयर का संचालन किया जाएगा।
मुख्य अभियंता ए.पी.एन. सिंह के अनुसार, परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और इसे प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
विकास की नई पहचान या दिखावटी परियोजना?
बीडीए का दावा है कि यह मीडिया टावर न केवल शहर की सौंदर्यात्मक छवि को बेहतर बनाएगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। प्राधिकरण इसे प्रदेश के अन्य शहरों के लिए एक मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।
लेकिन सवाल यह भी है कि क्या 2.5 करोड़ रुपये की यह परियोजना वास्तव में बरेली को नई डिजिटल पहचान दिला पाएगी, या फिर यह केवल दिखावटी विकास का एक और उदाहरण बनकर रह जाएगी।






