बरेली में युवक पर फायरिंग मामले में FIR, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, दोनों गिरफ्तार

बरेली।
शहर के शास्त्री नगर इलाके में युवक पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने उदय ठाकुर और मनोज भास्कर को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान उदय ठाकुर के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान जब राहुल ने विरोध किया तो मनोज भास्कर ने उनके सिर पर कड़ा मारकर घायल कर दिया। इसके बाद उदय ठाकुर ने तमंचा निकालकर राहुल के सिर पर सटा दिया और मनोज ने गोली चलाने के लिए उकसाया।
राहुल ने किसी तरह खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन गोली उनके सीने के पास से रगड़ती हुई निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
पुराने विवाद से जुड़ा मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब आठ दिन पहले मनोज के छोटे भाई का भोजीपुरा निवासी राहुल के मौसेरे भाई आशीष से साइकिल चलाने को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में आशीष और राहुल प्रेमनगर थाने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी समझौता करा दिया था।
समझौते के दौरान मनोज को अपने भाई की ओर से आशीष और राहुल से माफी मांगनी पड़ी थी। इसी बात को मन में रखकर आरोपियों ने राहुल पर फायरिंग की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
मुठभेड़ में गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, आधी रात प्रेमनगर थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुदेशिया फाटक की ओर से एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक पर पीछे बैठे उदय ठाकुर के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम उदय ठाकुर और मनोज बताया है और युवक पर फायरिंग की घटना को स्वीकार किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






