No Slide Found In Slider.
बरेली

पात्र मतदाताओं का नाम नहीं कटेगा : मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी

No Slide Found In Slider.

बरेली।
मंडलायुक्त एवं विधानसभा निर्वाचक नामावली विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के रोल प्रेक्षक भूपेन्द्र एस. चौधरी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने यह आश्वासन गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दिया।

मंडलायुक्त ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यह जानना था कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) के बीच आपसी संवाद और समन्वय सही ढंग से स्थापित है या नहीं। समीक्षा में यह पाया गया कि सभी पक्षों के बीच संवाद बना हुआ है।

बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बूथवार प्राप्त हो रहे फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 की संख्या की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वे अपने स्तर पर भी प्रक्रिया की निगरानी कर सकें। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है और आवश्यक सूचनाएं सभी दलों को उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि एएसडी (Absent, Shifted, Dead) सूची में यदि किसी पात्र व्यक्ति का फार्म भरना छूट गया है, या जो नवयुवा 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, उनके फार्म-6 भरवाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

3.58 लाख मतदाताओं के फार्मों में पाई गईं गड़बड़ियां

उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान तमाम निगरानी के बावजूद बड़ी संख्या में फार्मों में त्रुटियां सामने आई हैं। निर्वाचन आयोग से अब तक 3,58,387 मतदाताओं का त्रुटिपूर्ण डाटा प्राप्त हुआ है।

इन गड़बड़ियों में एक ही व्यक्ति से 6–7 लोगों की मैपिंग, नामों में त्रुटि, माता-पिता और बच्चों की उम्र में केवल 10–15 वर्ष का अंतर जैसी गंभीर विसंगतियां शामिल हैं। ऐसे मामलों में संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। इनकी सुनवाई के लिए 34 अतिरिक्त AERO की नियुक्ति की जाएगी।

अब तक 1.78 लाख मतदाताओं को नोटिस तामील

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि SIR प्रक्रिया के अंतर्गत 16 दिसंबर 2025 तक ईआरओ द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ 27 बैठकें की जा चुकी हैं, जबकि जिला स्तर पर पांच बैठकें आयोजित की गई हैं। एएसडी सूची भी सभी दलों के साथ साझा कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि दावा-आपत्ति की प्रक्रिया 6 फरवरी तक जारी रहेगी, जबकि नोटिसों की सुनवाई 27 फरवरी तक पूरी की जाएगी। इसके लिए कुल 133 AERO तैनात किए गए हैं। अब तक 1 लाख 78 हजार मतदाताओं को नोटिस तामील कराए जा चुके हैं। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च को प्रकाशित की जाएगी।

बैठक में भाजपा आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, कांग्रेस नेता अजय शुक्ला सहित सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button