चीन ने EV कारों में रिट्रैक्टेबल डोर हैंडल पर सख्ती की

चीन ने आधुनिक लेकिन विवादित रिट्रैक्टेबल कार डोर हैंडल डिजाइन पर सख्ती दिखाते हुए नए सुरक्षा नियम लागू करने का फैसला लिया है। यह निर्णय ऐसे हादसों के बाद सामने आया, जिनमें दुर्घटना या बिजली फेल होने की स्थिति में यात्रियों के वाहन के अंदर फंसने का खतरा सामने आया था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन का उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय अब ऐसे इलेक्ट्रॉनिक या छिपे हुए डोर हैंडल डिजाइन को सीमित करने जा रहा है। नए नियमों के तहत वाहनों में मैकेनिकल डोर रिलीज सिस्टम अनिवार्य किया जा रहा है, ताकि दुर्घटना या पावर फेल होने पर भी दरवाजे मैन्युअली खोले जा सकें।
नए मानकों के अनुसार, 1 जनवरी 2027 से चीन में बिकने वाले नए वाहनों में बाहरी और आंतरिक दोनों तरफ मैकेनिकल हैंडल होना जरूरी होगा। हालांकि पहले से मंजूर मॉडलों को डिजाइन बदलने के लिए 2029 तक का समय दिया गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में कई हादसों में इलेक्ट्रॉनिक डोर सिस्टम के फेल होने के मामले सामने आए हैं। ऐसे मामलों में यात्रियों और रेस्क्यू टीम को वाहन के दरवाजे खोलने में दिक्कत आई, जिससे जान का खतरा बढ़ गया। यही वजह है कि चीन ने इस डिजाइन को बड़े स्तर पर सुरक्षा जोखिम माना है।
रिट्रैक्टेबल डोर हैंडल डिजाइन मूल रूप से एयरोडायनामिक्स और स्टाइल के लिए लोकप्रिय हुआ था और इसे कई इलेक्ट्रिक कार कंपनियों ने अपनाया। लेकिन आपात स्थिति में इसके काम न करने के जोखिम ने अब इस ट्रेंड को चुनौती दे दी है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि चीन का यह फैसला वैश्विक ऑटो इंडस्ट्री को प्रभावित कर सकता है, क्योंकि चीन दुनिया का सबसे बड़ा EV बाजार है। ऐसे में आने वाले समय में दूसरे देशों में भी इसी तरह के नियम लागू होने की संभावना जताई जा रही है।





