MY BDA App: बरेली में शिकायत और मानचित्र अब ऑनलाइन

बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) शहरवासियों को डिजिटल सुविधाएं देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब विकास प्राधिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लेने से लेकर शिकायत दर्ज कराने तक की प्रक्रिया मोबाइल एप के जरिए आसान होने वाली है। इसके लिए प्राधिकरण ने अपना आधिकारिक मोबाइल एप ‘MY BDA’ तैयार कर लिया है, जिसे जल्द लॉन्च करने की तैयारी चल रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस एप के लॉन्च होने के बाद शहरवासियों को बीडीए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एप के माध्यम से लोग विकास प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी हासिल कर सकेंगे। साथ ही अवैध निर्माण, अतिक्रमण और अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़ी शिकायतें भी सीधे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
प्राधिकरण का दावा है कि दर्ज की गई शिकायतों का निस्तारण तय समयसीमा में किया जाएगा और उसकी अपडेट भी एप पर ही उपलब्ध कराई जाएगी। एप के जरिए भवन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें भवन कंपाउंडिंग, मानचित्र आवेदन और अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं शामिल होंगी।
बीडीए अधिकारियों का कहना है कि इस एप का मुख्य उद्देश्य नागरिक सेवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। इसी उद्देश्य से शिकायतों के निस्तारण की समयसीमा 24 से 48 घंटे तय करने पर विचार किया गया है। एप में जोन-वार तैनात इंजीनियर, सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी, ताकि शिकायतों पर स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई की जा सके। लापरवाही या अनदेखी की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
बताया जा रहा है कि MY BDA एप पर प्राधिकरण की सभी प्रमुख गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसमें बीडीए द्वारा चलाई जा रही योजनाएं, भूखंडों की नीलामी, आवंटन, रजिस्ट्री प्रक्रिया, अवैध निर्माण से जुड़ी कार्रवाई समेत कई अन्य सेवाएं शामिल होंगी। एप की मॉनिटरिंग सीधे बीडीए उपाध्यक्ष स्तर से की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और निगरानी मजबूत होगी।
डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिक सेवाएं देने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे न केवल नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया भी तेज और व्यवस्थित हो सकेगी। हाल के वर्षों में भी विकास प्राधिकरण द्वारा कई प्रक्रियाओं को ऑनलाइन करने की दिशा में काम किया गया है, जिससे भवन निर्माण और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की कोशिश की गई है।
बीडीए अधिकारियों के अनुसार, MY BDA एप को आगामी एक सप्ताह के भीतर लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है। एप लॉन्च होने के बाद शहरवासियों को विकास प्राधिकरण से जुड़ी अधिकांश सेवाएं मोबाइल पर ही उपलब्ध हो जाएंगी।






