No Slide Found In Slider.
Breaking News

बरेली : शेरगढ़ में सनसनी: खेत पर गए बुजुर्ग किसान की धारदार हथियार से हत्या, पुरानी रंजिश की आशंका

No Slide Found In Slider.

बरेली जनपद के शेरगढ़ थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग किसान की निर्मम हत्या से इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। खेत पर चारा काटने गए 60 वर्षीय किसान की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गर्दन और पैरों पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पुरानी रंजिश सहित कई एंगल पर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव डूंगरपुर देहात निवासी किसान रामदास शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे गांव के पास नहर किनारे स्थित अपने खेत पर बरसीम काटने गए थे। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने कई बार फोन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम परिजनों के साथ आसपास के खेतों और जंगल क्षेत्र में किसान की तलाश में जुट गई, लेकिन रात तक कोई सुराग नहीं लग सका। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आशंका का माहौल बन गया।

शनिवार सुबह परिजन दोबारा तलाश में निकले तो गांव के किनारे स्थित एक सागौन के खेत में बरसीम से भरा बोरा पड़ा मिला। इसके पास ही गन्ने के खेत में किसान रामदास का शव पड़ा मिला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना तेजी से क्षेत्र में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, वरिष्ठ उप निरीक्षक आदित्य गौरव श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर क्राइम सत्य सिंह और उपनिरीक्षक अख्तर अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने इकट्ठा किए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।

जांच में सामने आया कि मृतक मूल रूप से कोतवाली देवरनिया क्षेत्र के गांव रहपुरा घनश्याम का निवासी था। करीब 50 वर्ष पहले वह अपने परिवार के साथ अपनी ननिहाल गांव डूंगरपुर देहात में आकर बस गया था।

मृतक किसान के परिवार में पत्नी मुन्नी देवी, चार बेटियां और एक बेटा है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की एक बेटी सुमन अभी अविवाहित है और स्नातक उत्तीर्ण है।

मृतक के पुत्र मोहित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब 20 वर्ष पहले खेत की मेड़ और निकास को लेकर गांव के एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। कुछ दिनों बाद उसके पिता पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। हालांकि उस मामले में बाद में कार्रवाई पूरी हो चुकी थी। इसके बावजूद परिजनों ने पुरानी रंजिश से इंकार नहीं किया है।

पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस तकनीकी और सर्विलांस सहित कई पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

क्षेत्र में इस घटना के बाद किसानों और ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button