बरेली में अवैध निर्माण पर बीडीए की बड़ी कार्रवाई, कॉलोनी ध्वस्त, चार भवन सील

बरेली में अवैध निर्माण के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की सख्ती लगातार जारी है। शनिवार को बीडीए ने विभिन्न क्षेत्रों में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया और चार आवासीय भवनों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से कॉलोनाइजरों और बिल्डरों में हड़कंप मचा रहा।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बताया कि भोजीपुरा क्षेत्र में अमरजीत सिंह नामक बिल्डर द्वारा ‘मॉडर्न विलेज’ के नाम से लगभग 3000 वर्गमीटर क्षेत्र में बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मौके पर भूखंडों का चिह्नांकन, सड़क निर्माण और बाउंड्रीवाल का कार्य किया जा रहा था। बीडीए की टीम ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी और बैकहोलोडर मशीन से सड़क, बाउंड्रीवाल समेत पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इसी क्रम में भोजीपुरा क्षेत्र में सोनू सिंह बिल्डर्स द्वारा 140 वर्गमीटर क्षेत्र में ड्यूपलैक्स आवासीय भवन का निर्माण किया जा रहा था। यह निर्माण भी बिना बीडीए की अनुमति के किया जा रहा था, जिस पर कार्रवाई करते हुए संबंधित भवन को सील कर दिया गया।
अभियान के दौरान भोजीपुरा में ही सचिन बिल्डर्स द्वारा 160 वर्गमीटर में बनाए जा रहे ड्यूपलैक्स आवासीय भवन के खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके अलावा राममूर्ति बिल्डर्स द्वारा 180 वर्गमीटर क्षेत्र में किए गए ड्यूपलैक्स निर्माण को भी बीडीए ने सील कर दिया।
बीडीए अधिकारियों के अनुसार, भोजीपुरा क्षेत्र में ही इंद्रजीत मेहता बिल्डर द्वारा 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में कुल 20 ड्यूपलैक्स आवासीय भवनों का निर्माण किया गया था। यह निर्माण भी बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के पाया गया, जिस पर बीडीए ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे निर्माण को सील कर दिया।
बीडीए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। इसके बावजूद यदि कोई कॉलोनाइजर या बिल्डर बिना स्वीकृति के निर्माण करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।f






