बरेली: केसरपुर में राशन वितरण पर घटतौली के आरोप, कार्डधारकों में आक्रोश

📍 बरेली, संवाददाता। विकासखंड बिथरी चैनपुर की ग्राम पंचायत केसरपुर में सरकारी गल्ले की दुकान को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और कार्डधारकों ने कोटेदार पर घटतौली और मनमानी करने के आरोप लगाए हैं, जिससे क्षेत्र में रोष का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण के दौरान निर्धारित मात्रा से कम अनाज दिया जा रहा है। कई लाभार्थियों ने आरोप लगाया कि कोटेदार का राजनीतिक प्रभाव होने के कारण उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है। बताया गया कि कोटेदार स्वयं बीडीसी सदस्य है और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर शिकायतों को दबा देता है।
कार्डधारकों का आरोप
लगभग एक दर्जन से अधिक कार्डधारकों ने खुलकर कहा कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। उन्होंने बताया कि कई बार मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि वे इस बार चुप नहीं बैठेंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ ठोस कदम उठाएंगे।
सीएम पोर्टल पर शिकायत की तैयारी
ग्रामीणों ने बताया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर सामूहिक शिकायत दर्ज कराएंगे, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है, ऐसे में उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कराकर राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि गरीबों को उनका हक पूरी मात्रा में मिल सके।






