अवैध ईंट भट्ठे पर प्रशासन सख्त: शिकायत के बाद जारी हुआ नोटिस, बड़े एक्शन की तैयारी
बरेली में 5 सालों से चल रहे नियम विरुद्ध ईंट भट्ठे को तत्काल बंद करने का निर्देश, आबादी और शिक्षण संस्थानों के पास हो रहा था संचालन।

बरेली। अवैध रूप से संचालित हो रहे एक ईंट भट्ठे के खिलाफ शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। अपर जिलाधिकारी कार्यालय में मिली शिकायत के आधार पर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बरेली ने इस अवैध ईंट भट्ठे को नोटिस जारी कर दिया है। बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से भट्ठे को बंद करने के निर्देश दिए हैं, क्योंकि यह प्रदूषण नियंत्रण नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर रहा था।
बताया जा रहा है कि यह ईंट भट्ठा पिछले पांच सालों से बिना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सहमति के अवैध तरीके से चलाया जा रहा था। लगातार प्रदूषण संबंधी शिकायतें सामने आने के बाद, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने मौके पर जाकर भट्ठे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ईंट भट्ठा गांव की आबादी के बेहद करीब, स्कूल, डिग्री कॉलेज, मंदिर, मस्जिद और आम-अमरूद के बागानों से मात्र 400 मीटर की दूरी पर संचालित हो रहा था, जो कि नियमों का सीधा उल्लंघन है।
इस गंभीर मामले की सूचना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ को भी भेज दी गई है। सूत्रों के अनुसार, इस पर जल्द ही कोई बड़ा एक्शन लिए जाने की संभावना है।






