बरेली में होली से पहले छापेमारी, 6 दुकानों से लिए सैंपल
होली पर्व से पहले बरेली में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम लगातार छापेमारी कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जांच में जुटी है। मंगलवार को शहर के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए छह दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भरे गए।
मुख्य अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में गठित टीम ने पीलीभीत रोड स्थित सतीपुर चौराहा पर छापा मारा। यहां फौजी पनीर भंडार से घी का नमूना लिया गया।
इसके अलावा नई बस्ती क्षेत्र में स्थित गोपाल घी स्टोर से रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल का सैंपल भरा गया। टीम ने अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई जारी रखते हुए शीशगढ़ में वीके ट्रेडर्स से नमकीन और नूरी ट्रेडर्स से वनस्पति घी और सौंफ के नमूने एकत्र किए।
बहेड़ी में डेयरी पर भी छापा
कार्रवाई के दौरान बहेड़ी क्षेत्र में मुरादाबादी रजा दूध डेयरी पर भी टीम पहुंची, जहां से खोया का नमूना लिया गया। त्योहार के समय खोया और दूध उत्पादों में मिलावट की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई विशेष रूप से अहम मानी जा रही है।
छापेमारी से मचा हड़कंप
अचानक हुई छापेमारी से दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदार कार्रवाई को लेकर सतर्क नजर आए, वहीं ग्राहकों के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा रही।
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन की सख्ती साफ दिखाई दे रही है।
प्रशासन का संदेश: मिलावट बर्दाश्त नहीं
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के नाम पर किसी भी प्रकार की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






