No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

लखनऊ में प्रसव के बाद महिला की मौत, अस्पताल में शव रखकर परिजनों का हंगामा

No Slide Found In Slider.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रसव के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में शव रखकर हंगामा किया और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को शांत कराया गया।

जानकारी के मुताबिक यह मामला पीजीआई क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर-6 स्थित कृष्णा लाइफ लाइन अस्पताल का है। नगराम थाना क्षेत्र के इस्माइलनगर निवासी आशू ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी चांदनी कुमारी को गुरुवार को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था।

प्रसव के बाद वार्ड में किया गया था शिफ्ट

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम महिला का प्रसव कराया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल के वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। डॉक्टरों के अनुसार प्रसव के बाद महिला को दो यूनिट खून भी चढ़ाया गया था।

हालांकि रात के समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला की हालत खराब होने के बावजूद अस्पताल प्रशासन की ओर से उचित ध्यान नहीं दिया गया। इसी को लेकर परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध जताना शुरू कर दिया।

गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल किया गया रेफर

परिजनों ने महिला को दूसरे अस्पताल ले जाने की मांग की। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से महिला को रेफर कर दिया गया।

परिजन गंभीर हालत में प्रसूता को लेकर लखनऊ के क्वीनमेरी अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव लेकर दोबारा कृष्णा लाइफ लाइन अस्पताल पहुंचे और वहां हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि अस्पताल की लापरवाही के कारण ही महिला की जान गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही से किया इनकार

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रसव के बाद देर रात महिला का ब्लड प्रेशर अचानक गिरने लगा था। स्थिति गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

अस्पताल की ओर से यह भी कहा गया कि शुक्रवार सुबह परिजन महिला को जबरन डिस्चार्ज कराकर दूसरे अस्पताल ले गए थे। अस्पताल प्रशासन ने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है।

शिकायत मिलने पर होगी जांच

वहीं इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button