No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

LPG सिलेंडर महंगा: बरेली में घरेलू गैस 931 रुपये, बुकिंग नियम में भी बदलाव

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। बरेली में घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपये महंगा होकर 931 रुपये का हो गया है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी बढ़े हैं। साथ ही बुकिंग के नियमों में बदलाव किया गया है।

No Slide Found In Slider.

बरेली: एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच गैस के दाम बढ़ाए गए हैं, जिसका असर अब बरेली में भी देखने को मिल रहा है। शनिवार से नई दरें लागू कर दी गई हैं। इसके साथ ही गैस सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया गया है।

नई दरों के अनुसार 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी करीब 115 रुपये का इजाफा किया गया है। कीमतों में इस वृद्धि का सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा।

जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह के अनुसार बरेली जिले में लगभग 10 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें करीब 4.16 लाख उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले में फिलहाल एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

बुकिंग नियम में बदलाव

नई व्यवस्था के तहत अब घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद दूसरी रिफिल के लिए उपभोक्ताओं को कम से कम 21 दिन का इंतजार करना होगा। यानी एक बार सिलेंडर बुक कराने के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग तीन सप्ताह के बाद ही संभव होगी।

उत्तर प्रदेश एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श शर्मा के मुताबिक पेट्रोलियम कंपनियों ने एहतियात के तौर पर यह नियम लागू किया है। इस निर्णय का उद्देश्य गैस की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखना है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

हालांकि इस नियम से उन परिवारों को कुछ परेशानी हो सकती है जिनके घरों में निकट भविष्य में कोई बड़ा कार्यक्रम या आयोजन होने वाला है। ऐसे अवसरों पर आमतौर पर अधिक गैस की आवश्यकता पड़ती है। हालांकि कमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग के लिए किसी प्रकार की समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

अब 931 रुपये में मिलेगा घरेलू सिलेंडर

नई दरों के लागू होने के बाद बरेली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 931 रुपये हो गई है। वहीं कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी करीब 119 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अलग-अलग पेट्रोलियम कंपनियों के कमर्शियल सिलेंडर के दामों में थोड़ा अंतर हो सकता है।

इस बीच गैस एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया गया है कि घबराने की जरूरत नहीं है। जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी। एक प्रमुख पेट्रोलियम कंपनी की ओर से जारी सूचना में भी कहा गया है कि उपभोक्ता नियमित तरीके से गैस बुकिंग कराते रहें, किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button