बरेली में LPG की कमी नहीं: डीएम अविनाश सिंह
Bareilly News: जिले में LPG या पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं, डीएम अविनाश सिंह ने बताए गैस बुकिंग के 5 तरीके

बरेली। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की संभावित किल्लत को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि बरेली में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है और प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि गैस एजेंसियों और पेट्रोलियम कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर रोजाना स्टॉक की मॉनीटरिंग की जा रही है। यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोलियम कंपनियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
बुधवार सुबह जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPC), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPC) तथा आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता का आकलन किया गया और हाल के दिनों में सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से फैल रही कमी की खबरों पर भी चर्चा हुई।
बैठक के दौरान तीनों पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को जानकारी दी कि जिले में गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
गैस रिफिल अवधि 21 से बढ़ाकर 25 दिन
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की रिफिलिंग अवधि को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस वितरण को संतुलित रखना और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
इसके साथ ही गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए OTP आधारित डिलीवरी सिस्टम लागू किया गया है। इस व्यवस्था के तहत सिलेंडर की डिलीवरी के समय उपभोक्ता को ओटीपी बताना होता है, जिससे कालाबाजारी और फर्जी वितरण की संभावना कम हो जाती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए प्रशासन सतर्क है और नियमित निगरानी की जा रही है।
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी तृप्ति, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
घर बैठे ऐसे कर सकते हैं गैस सिलेंडर बुक
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बताया कि गैस सिलेंडर रिफिल कराने के लिए गैस एजेंसी या गोदाम जाने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता अपने घर से ही विभिन्न माध्यमों से गैस बुकिंग कर सकते हैं।
1. फोन कॉल के जरिए बुकिंग
भारत गैस: 7715012345 / 7718012345
इंडेन गैस: 7718955555
एचपी गैस: 8888823456
2. मिस्ड कॉल से बुकिंग
भारत गैस: 7710955555
इंडेन गैस: 8454955555
एचपी गैस: 9493602222
3. व्हाट्सएप के जरिए बुकिंग
भारत गैस: 1800224344
इंडेन गैस: 7588888824
एचपी गैस: 9222201122
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि गैस या ईंधन की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन या संबंधित एजेंसी से संपर्क करें।






