बरेली में युवक की सरेराह पिटाई | दूसरे समुदाय की महिलाओं से बात करने पर हमला, 5 आरोपी नामजद

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को सिर्फ इसलिए घेरकर पीटा गया क्योंकि वह दूसरे समुदाय की महिलाओं से बातचीत कर रहा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, भोजीपुरा क्षेत्र के मांडा गांव निवासी अनिल कुमार दिवाकर 27 मार्च की दोपहर अपनी बाइक की मरम्मत कराने के लिए जादौंपुर गए थे। इसी दौरान रेलवे फाटक बंद होने के कारण वह क्रॉसिंग पर खड़े होकर इंतजार कर रहे थे।
इसी बीच उनके गांव की रहने वाली एक महिला और एक युवती वहां पहुंचीं, जो रिश्ते में क्रमशः उनकी भाभी और बहन लगती हैं। तीनों के बीच बातचीत चल रही थी, तभी जादौंपुर के चार से पांच युवक वहां आ पहुंचे। आरोप है कि बिना किसी पूछताछ के ही उन्होंने अनिल पर हमला कर दिया और लात-घूंसे मारकर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
घटना के दौरान मौजूद महिला और युवती ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धमकाकर वहां से भगा दिया। किसी तरह अनिल वहां से अपनी जान बचाकर घर पहुंचे।
पीड़ित ने बताया कि हमलावरों के डर के कारण वह इतना सहम गया था कि उसने तत्काल थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई। हालांकि, इस बीच हिमांशु पटेल नाम के एक युवक ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और रविवार को पीड़ित को थाने बुलाकर मामले की जानकारी ली। भोजीपुरा थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






