No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

UPPCS 2024 Final Result जारी, नेहा पांचाल टॉपर; टॉप-10 में 6 बेटियों का दबदबा

No Slide Found In Slider.

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम रविवार देर रात घोषित कर दिया। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत 947 पदों के सापेक्ष कुल 932 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इस वर्ष नेहा पांचाल ने शीर्ष स्थान हासिल कर परीक्षा में टॉप किया है, जबकि अनन्या त्रिवेदी दूसरे स्थान पर रहीं।

इस बार के परिणाम की खास बात यह रही कि टॉप-10 में बेटियों का दबदबा देखने को मिला। शीर्ष सात स्थानों में छह स्थान महिला अभ्यर्थियों ने हासिल किए हैं। तीसरे स्थान पर अभय प्रताप सिंह, चौथे पर अनामिका मिश्रा, पांचवें पर नेहा सिंह, छठे पर दीप्ति वर्मा और सातवें स्थान पर पूजा तिवारी रहीं। इसके अलावा आठवें स्थान पर अनुराग पांडे, नौवें पर शुभम सिंह और दसवें स्थान पर आयुष पांडे ने जगह बनाई।

आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा का परिणाम 4 फरवरी 2026 को घोषित किया गया था, जिसमें 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया था। इसके अतिरिक्त, हाईकोर्ट में लंबित याचिकाओं के अनुपालन में दो अन्य अभ्यर्थियों को भी साक्षात्कार के लिए अस्थायी रूप से पात्र माना गया था।

साक्षात्कार प्रक्रिया 26 फरवरी से 23 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई, जिसमें कुल 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। साक्षात्कार समाप्त होने के महज पांच दिनों के भीतर आयोग ने अंतिम परिणाम जारी कर दिया, जिसे प्रक्रिया की तेजी के रूप में देखा जा रहा है।

इस भर्ती के माध्यम से कुल 24 प्रकार के पदों और सेवाओं के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। हालांकि, व्यवस्थाधिकारी के एक पद और व्यवस्थापक के 14 पदों पर उपयुक्त अभ्यर्थी न मिलने के कारण ये रिक्तियां खाली रह गईं।

आयोग के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के नाम के आगे ‘प्रोविजनल’ अंकित है, उन्हें निर्धारित समय के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनका चयन निरस्त किया जा सकता है।

अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। साथ ही, आयोग जल्द ही अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और श्रेणीवार व पदवार कटऑफ अंक भी जारी करेगा।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button