बदायूं SSP ऑफिस के बाहर हड़कंप, महिला ने जहर खाया
बदायूं में उत्पीड़न से परेशान परिवार SSP कार्यालय पहुंचा। पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया, अस्पताल में इलाज जारी।

बदायूं: जिले के थाना मूसाझाग क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कथित उत्पीड़न से परेशान एक परिवार ने पलायन का कदम उठाया और सीधे एसएसपी कार्यालय के बाहर पहुंच गया। इस दौरान स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब परिवार की एक महिला ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गुलड़िया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 निवासी 75 वर्षीय रामभरोसे अपने परिवार के साथ लंबे समय से स्थानीय निवासी अर्पित उर्फ भोले के साथ विवाद में उलझे हुए हैं। दोनों पक्षों के बीच पूर्व में कई बार मारपीट और मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि विरोधी पक्ष द्वारा लगातार हमला, गाली-गलौज और दबाव बनाने की घटनाएं की जा रही हैं। रामभरोसे का कहना है कि विरोधी पक्ष की स्थानीय स्तर पर संख्या अधिक होने के कारण उनका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई और एकतरफा रवैया अपनाया गया।
गुरुवार को स्थिति तब और बिगड़ गई जब परिवार ट्रैक्टर-ट्राली में अपना सामान भरकर पलायन के इरादे से एसएसपी कार्यालय पहुंचा। इसी दौरान विवादित पक्ष का एक व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
तनाव के बीच परिवार की सदस्य सुनीता शर्मा ने एसएसपी कार्यालय के गेट के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला के अचानक जमीन पर गिरने से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों के बीच विवाद की पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है।






