No Slide Found In Slider.
Breaking News

लखनऊ स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को मारी गोली, पुरानी रंजिश का मामला

लखनऊ के रहीमाबाद स्थित एक स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल अनिल सिंह को गोली मार दी गई। पेट में गोली लगने के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पुरानी रंजिश को वजह बताया।

No Slide Found In Slider.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े स्कूल परिसर के भीतर गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। रहीमाबाद क्षेत्र के जुगराजगंज गांव स्थित एक निजी स्कूल में घुसकर हमलावर ने प्रिंसिपल को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रिंसिपल को तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान के प्रिंसिपल अनिल सिंह अपने कार्यालय में मौजूद थे, तभी गांव का ही रहने वाला विजय पाल कार से स्कूल के बाहर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह हाथ में असलहा लहराते हुए सीधे प्रिंसिपल के कमरे में घुस गया।

अचानक हमलावर को सामने देखकर प्रिंसिपल अनिल सिंह ने खुद को बचाने की कोशिश की और भागकर अलमारी के पीछे छिपने लगे। इसी दौरान आरोपी ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली अलमारी से टकराते हुए उनके पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षक और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि हमलावर दूसरा फायर करने की तैयारी में था, लेकिन लोगों के पहुंचने पर वह असलहे के दम पर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही रहीमाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रिंसिपल को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर विजय पाल और प्रिंसिपल के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

इस घटना से स्कूल में मौजूद करीब 150 छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। गोली चलने के बाद बच्चे घबराकर इधर-उधर भागने लगे और परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और स्थिति को संभाला।

दिनदहाड़े स्कूल के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

#LucknowNews #SchoolFiring #UPCrime #BreakingNews #PrincipalShot #CrimeNews #IndiaNews #Rahimabad

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button