No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

बरेली में बड़ा हादसा टला: रोडवेज वर्कशॉप की जर्जर दीवार भरभराकर गिरी, कार चकनाचूर, चालक घायल

शिकायतों के बावजूद नहीं जागे जिम्मेदार, व्यस्त सड़क पर मौत बनकर गिरी दीवार

No Slide Found In Slider.

बरेली। शहर में सरकारी विभागों की लापरवाही किस कदर लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है, इसका खौफनाक नजारा बुधवार सुबह बारादरी थाना क्षेत्र में देखने को मिला। इसाइयों की पुलिया से कटरा चांद खां जाने वाले व्यस्त मार्ग पर सिंधु नगर कॉलोनी के सामने रोडवेज वर्कशॉप की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। मलबे की चपेट में आकर एक कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक छोटेलाल घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त कार में चालक अकेला था और सड़क पर भी भीड़ कम थी, वरना बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही दीवार दिन में गिरती तो कई लोगों की जान जा सकती थी।
कई दिनों से झुकी थी दीवार, चेतावनी के बाद भी नहीं चेते अधिकारी
स्थानीय लोगों के मुताबिक सिंधु नगर कॉलोनी के सामने स्थित रोडवेज वर्कशॉप की दीवार लंबे समय से जर्जर हालत में थी। मंदिर से सटी करीब आठ मीटर लंबी दीवार कई दिनों से सड़क की ओर झुक चुकी थी। आसपास रहने वाले लोगों ने कई बार रोडवेज अधिकारियों को इसकी सूचना भी दी, लेकिन जिम्मेदारों ने खतरे को नजरअंदाज कर दिया।
लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की यही लापरवाही बुधवार सुबह हादसे की वजह बनी। दीवार का करीब पांच मीटर हिस्सा अचानक सड़क की ओर गिर पड़ा। उसी समय वहां से गुजर रही कार मलबे की चपेट में आ गई। भारी भरकम दीवार गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागते नजर आए।
चंद सेकेंड में कबाड़ बनी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दीवार इतनी तेजी से गिरी कि कार चालक संभल तक नहीं पाया। देखते ही देखते पूरी कार मलबे में दब गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह चालक को बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क पर आवागमन रोक दिया गया। बाद में जेसीबी मशीन बुलाकर घंटों मशक्कत के बाद मलबा हटवाया गया।
रोडवेज वर्कशॉप की अन्य दीवारें भी बनीं खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि रोडवेज की बरेली, रुहेलखंड और रीजनल वर्कशॉप की कई बाहरी दीवारें जर्जर हालत में हैं। एक दीवार सिंधु नगर के सामने है, जबकि दूसरी दीवार मंदिर से पीलीभीत बाईपास तक फैली हुई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो आगे और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
हादसे के बाद जागा रोडवेज प्रशासन
घटना के बाद रोडवेज प्रशासन हरकत में आया। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि वर्कशॉप की पुरानी दीवार बुधवार सुबह गिर गई है। अब यहां नई दीवार बनवाई जाएगी। साथ ही अन्य दीवारों की भी जांच कराकर जहां जरूरत होगी वहां मरम्मत और पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
सवालों के घेरे में जिम्मेदार
इस हादसे ने एक बार फिर सरकारी भवनों और संरचनाओं की बदहाल स्थिति की पोल खोल दी है। सवाल यह उठ रहा है कि जब दीवार पहले से झुकी हुई थी और शिकायतें भी की जा चुकी थीं, तो आखिर जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की?
शहर के बीचोंबीच व्यस्त सड़क पर हुआ यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही की बड़ी तस्वीर पेश कर रहा है। फिलहाल घायल चालक का इलाज चल रहा है, लेकिन लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि अगर समय रहते चेतावनी पर ध्यान दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button