No Slide Found In Slider.
बरेली

नरियावल में आईपी इन्वेस्टिगेशन टीम का बड़ा छापा, गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध तेल बरामद

No Slide Found In Slider.

नरियावल में आईपी इन्वेस्टिगेशन टीम का बड़ा छापा, गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध तेल बरामद
फर्जी ब्रांड के नाम पर ऑयल सप्लाई की शिकायत पर कार्रवाई, देर रात तक चलती रही जांच
रिपोर्ट देवेंद्र पटेल
बिथरी चैनपुर, बरेली।
बाजार में नामी ब्रांड के नाम पर कथित रूप से नकली और रीफाइंड ऑयल बेचे जाने की शिकायत पर शुक्रवार को इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (आईपी) इन्वेस्टिगेशन टीम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नरियावल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध तेल और बड़ी संख्या में तेल से भरे टीन बरामद किए गए। टीम देर रात तक मौके पर जांच और गिनती में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार आईपी इन्वेस्टिगेशन टीम को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि नरियावल क्षेत्र में एक गोदाम के जरिए कथित रूप से फर्जी ब्रांड का रीफाइंड ऑयल तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद बिथरी चैनपुर थाना पुलिस की मौजूदगी में गोदाम पर छापेमारी की गई।
डेढ़ घंटे तक बाहर इंतजार करती रही टीम
सूत्रों के मुताबिक टीम शाम करीब पांच बजे गोदाम पहुंची, लेकिन मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। टीम के सदस्य काफी देर तक बाहर ही इंतजार करते रहे। करीब डेढ़ घंटे बाद गोदाम संचालक अपने अधिवक्ता के साथ मौके पर पहुंचे और चाबी उपलब्ध कराई, जिसके बाद टीम ने अंदर प्रवेश कर जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि गोदाम के अंदर बड़ी संख्या में तेल से भरे टीन, ब्रांडेड कंपनियों के स्टिकर और पैकिंग सामग्री मिली है। टीम ने मौके से कई नमूने भी कब्जे में लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि कथित रूप से रीफाइंड ऑयल को अलग-अलग ब्रांड के नाम पर पैक कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
पाइपलाइन के जरिए होती थी सप्लाई!
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम पर लंबे समय से तेल के टैंकर आते-जाते देखे जाते थे। आरोप है कि बाहर से पाइपलाइन के जरिए तेल गोदाम के अंदर पहुंचाया जाता था। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एसएसपी बोले- जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने बताया कि नकली ब्रांड के नाम पर तेल बेचने की शिकायत मिलने के बाद संबंधित एजेंसी के अनुरोध पर पुलिस टीम उपलब्ध कराई गई थी। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हजारों लीटर तेल होने की आशंका
टीम से जुड़े सूत्रों का दावा है कि गोदाम में मौजूद तेल की मात्रा हजारों लीटर में हो सकती है। देर रात तक टीम तेल के टीनों की गिनती, ब्रांड स्टिकरों की जांच और दस्तावेजों का सत्यापन करती रही। पुलिस ने गोदाम को निगरानी में लेकर हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी है।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button