विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत का प्रदर्शन, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
छुट्टा पशु, बदहाल श्मशान मार्ग और एंटी लार्वा छिड़काव की उठाई मांग

विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत का प्रदर्शन, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
छुट्टा पशु, बदहाल श्मशान मार्ग और एंटी लार्वा छिड़काव की उठाई मांग
शेरगढ़। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की मासिक बैठक ब्लॉक परिसर में आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। बैठक के बाद यूनियन पदाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
भाकियू नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। खेतों में घूम रहे आवारा पशु किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर छुट्टा पशुओं को गोशालाओं में भेजने की मांग की।
इसके अलावा धनेली गांव स्थित श्मशान भूमि तक जाने वाला रास्ता अत्यंत खराब होने की समस्या भी उठाई गई। किसानों ने कहा कि बरसात और खराब मार्ग के कारण अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रास्ते का निर्माण एवं मरम्मत जल्द कराने की मांग की।
यूनियन पदाधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल संकट को देखते हुए एक नया इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाने की मांग भी रखी। साथ ही मौसम बदलने के बीच संक्रामक रोगों के खतरे को देखते हुए गांवों में नियमित एंटी लार्वा छिड़काव कराने की मांग प्रशासन से की गई।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद बीडीओ आनंद विजय यादव ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने छुट्टा पशुओं की समस्या के संबंध में विस्तृत लिखित शिकायत उपलब्ध कराने को कहा, ताकि संबंधित विभाग के माध्यम से कार्रवाई कराई जा सके। वहीं एंटी लार्वा छिड़काव के मामले में उन्होंने बताया कि इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक से वार्ता की जा चुकी है और जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल वाहिद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। इस दौरान सेवाराम, सोमपाल, भगवान दास, होरीलाल, मदन लाल, नन्हे लाल, धर्मवीर समेत अन्य किसान एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।




