Bareilly News: किडनैपर से आधी रात मुठभेड़, सिपाही घायल; पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया मुख्य आरोपी विमल
बरेली में अपहरण और फिरौती कांड के मुख्य आरोपी से पुलिस की आधी रात मुठभेड़ हो गई। इज्जतनगर थाना पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में अपहरण का मुख्य आरोपी विमल गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

पीलीभीत रोड पर हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात इज्जतनगर पुलिस टीम पीलीभीत रोड स्थित कलापुर पुलिया के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया, तभी बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की गोली लगने से सिपाही नीशू तिवारी घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान नवाबगंज थाना क्षेत्र के रिछौला गांव निवासी विमल के रूप में हुई, जो अभिषेक अपहरण कांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी विमल के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। पूछताछ में उसने अपहरण की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। घायल आरोपी और सिपाही दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फन सिटी के पास किया था युवक का अपहरण
पूरा मामला भुता थाना क्षेत्र के सिसैया गांव निवासी अभिषेक के अपहरण से जुड़ा है। बताया गया कि अभिषेक शनिवार रात अपने दोस्तों के साथ बाइक से बरेली आए थे। वापस लौटते समय फन सिटी के पास उनकी बाइक को एक सफेद क्रेटा कार ने टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार सवार युवकों ने मारपीट शुरू कर दी और अभिषेक को जबरन कार में डालकर फरार हो गए।
इसके बाद आरोपितों ने अभिषेक के पिता को फोन कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। दबाव में आकर अभिषेक के दोस्त ने आरोपितों के खाते में एक हजार रुपये भी ट्रांसफर कर दिए थे।
लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने बचाई जान
पुलिस ने अभिषेक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर तेजी से कार्रवाई की और अगले ही दिन एक आरोपी उमाशंकर को क्रेटा कार सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभिषेक को भी सकुशल बरामद कर लिया। बताया गया कि आरोपी उसे कार में हाथ बांधकर ले जा रहे थे।
पूछताछ में उमाशंकर ने खुलासा किया कि इस वारदात में नवाबगंज के विमल, क्योलड़िया के गुलरिया निवासी आकाश और हरनेश भी शामिल थे। पुलिस अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।
ASP बोले—फरार आरोपी की तलाश जारी
एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि मंगलवार रात गश्त के दौरान संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे थे। पीछा करने पर उन्होंने फायरिंग की, जिसमें एक सिपाही घायल हुआ। जवाबी कार्रवाई में अपहरण और फिरौती मांगने वाले आरोपी विमल के पैर में गोली लगी है। दूसरे फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।






