सार्वजनिक चकरोड पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

सार्वजनिक चकरोड पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर धिमरी में सार्वजनिक चकमार्ग पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कब्जा हटवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि करबला की ओर जाने वाला सार्वजनिक चकमार्ग राजस्व अभिलेखों में शुरू से ही सार्वजनिक रास्ते के रूप में दर्ज है, लेकिन गांव के कुछ दबंगों ने रास्ते पर कब्जा कर उसे अपने खेतों में मिला लिया है। इससे किसानों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण जगदीश बाबू, कपिल कुमार, विवेक कुमार, प्रेम सिंह और अमर सिंह समेत अन्य लोगों ने बताया कि चकरोड बंद होने के कारण किसानों को अपने खेत-खलिहानों तक पहुंचने के लिए दूसरे किसानों के खेतों से होकर गुजरना पड़ता है। इससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है और विवाद की स्थिति बन रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि ताजिया निकाले जाने के दौरान दूसरे समुदाय के लोगों को भी मजबूरन खेतों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे गांव में तनाव और मनमुटाव की आशंका बनी रहती है।
प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तहसील सदर में कार्यरत एक अमीन द्वारा आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिस कारण अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट: देवेंद्र पटेल | LIVE BHARAT TV






